कोरबा। जिले के नेशनल हाईवे पर बड़े मदनपुर घाट के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर जा रहा 8 नई कारों से लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में कंटेनर के साथ उसमें रखी सभी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि चालक को चोटें आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर के महामाया ऑटो सेंटर जा रहा था। इसी दौरान मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते भारी वाहन सड़क से नीचे गिर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें लदी नई कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मोरगा चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम के मुताबिक, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को उपचार के लिए भिजवाया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
