जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस विभाग में प्रशासनिक कसावट लाने के लिए एसपी विजय पांडेय ने बड़ा तबादला आदेश जारी किया है। कई थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अवैध खनन कार्यबल का गठन भी किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे को थाना प्रभारी नवागढ़ पद से हटाकर रक्षित केंद्र जांजगीर भेजा गया है। वहीं यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक मणीकांत पाण्डेय को नवागढ़ थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सहायक उपनिरीक्षक सियाराम यादव का तबादला थाना नवागढ़ से बम्हनीडीह कर दिया गया है।

एसपी कार्यालय द्वारा जारी दूसरे आदेश में जिले में बढ़ते अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है। इस अवैध खनन कार्यबल की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप करेंगे। टास्क फोर्स का मुख्यालय जांजगीर में रहेगा और इसमें अलग-अलग पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को जिले में कानून व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
