गरियाबंद। जिले में साइबर ठगों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। भाजपा के पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया, जिसके बाद उनके नाम से परिचितों को पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। हैकर द्वारा रु.28,000 यूपीआई के जरिए तुरंत भेजने की मांग की जा रही है। हैक किए गए अकाउंट से भेजे गए मैसेज में दावा किया गया कि, नेटवर्क समस्या के कारण पैसे की जरूरत है और बाद में राशि लौटा दी जाएगी। इतना ही नहीं, एक एपीके फाइल पर क्लिक करने के बाद अकाउंट हैक होने की आशंका जताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि, हैकर ने खुद को छात्र बताते हुए ग्रुप में लिखा कि, वह कॉलेज फीस भरने के लिए पैसे मांग रहा है और “विधायक जी मुझे अच्छे लगते हैं, इसलिए उनका अकाउंट हैक किया है।” इस मैसेज के बाद मामले ने और सनसनी फैला दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गोवर्धन मांझी ने लोगों से अपील की है कि, उनके नाम से आने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और पैसे ट्रांसफर न करें। उन्होंने साइबर सेल और देवभोग पुलिस को शिकायत भी दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि, इससे पहले भी भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है, जिससे साफ है कि साइबर ठग नेताओं को लगातार निशाना बना रहे हैं।



