रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई कोर ग्रुप सूची सामने आने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कुछ दिग्गज नेताओं को नई कोर टीम में जगह नहीं मिलने पर कांग्रेस ने भाजपा पर अंदरूनी गुटबाजी का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ “सौतेला व्यवहार” कर रही है। उन्होंने दावा किया कि, पार्टी के भीतर गुटबाजी चरम पर है और अनुभवी नेताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। बैज ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल जैसे वरिष्ठ नेता को कोर ग्रुप से बाहर रखना भाजपा की अंदरूनी स्थिति को उजागर करता है।
वहीं, भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि, भाजपा में कोर कमेटी में बदलाव सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने साफ कहा कि, जब तक वे सक्रिय राजनीति में हैं, तब तक उन्हें कोई किनारे नहीं कर सकता। अग्रवाल ने यह भी कहा कि, कांग्रेस को भाजपा की चिंता छोड़ पहले अपने संगठन पर ध्यान देना चाहिए। इधर, कांग्रेस ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सरकारी खर्च और काफिले में कटौती संबंधी बयान पर भी सवाल उठाए। दीपक बैज ने कहा कि, आर्थिक हालात को लेकर सरकार अब समीक्षा की बात कर रही है, जबकि विपक्ष पहले से ही इस मुद्दे पर चेतावनी देता रहा है। उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग भी की।
