बीजेपी विधायक पर बड़ा आरोप: महिला ने 32 साल तक शोषण और धोखाधड़ी का किया दावा

Follow Us

मयूरभंज। ओडिशा के रायरंगपुर से भाजपा विधायक जलेन नायक एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। 61 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला प्रधानाध्यापिका ने उन पर लंबे समय तक यौन शोषण और आर्थिक धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि, उनके और विधायक के बीच पिछले 32 वर्षों से संबंध थे और इस दौरान शादी का झांसा देकर उनका शारीरिक शोषण किया गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि, चुनावी समय के दौरान विधायक ने उनसे कई बार लाखों रुपये लिए, लेकिन अब न तो पैसे लौटाए जा रहे हैं और न ही रिश्ते को स्वीकार किया जा रहा है। मामला उस समय और गरमा गया जब रायरंगपुर के रतनसाही बाजार में दोनों के बीच आमने-सामने बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में महिला ने विधायक की कार पर पत्थर फेंक दिया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया।

घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। विपक्षी दल बीजेडी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जांच की मांग की है और एक फैक्ट फाइंडिंग टीम पीड़िता से मिलने पहुंची। पार्टी ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देकर महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं विधायक जलेन नायक ने सभी आरोपों को पूरी तरह से झूठा और राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि, उनकी छवि को खराब करने के लिए यह पूरा मामला गढ़ा गया है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आने की बात कही जा रही है।