अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी नामजद 8 आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की है। पुलिस टीम टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा सहित अन्य आरोपियों के घर पहुंची और जांच शुरू की। गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर इस मामले में FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी, जिसमें कई अहम खुलासे सामने आए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान करीब 60 लाख रुपये तक की बरामदगी हो चुकी है। आरोप है कि यह पूरा गबन पिछले 2 से 3 सालों से चल रहा था। जांच में सामने आया है कि नोटों की गड्डियों को बाथरूम में छिपाने और बाद में मंदिर परिसर से बाहर निकालकर बंटवारा करने जैसी गतिविधियां की जाती थीं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे मामले में बैंक कर्मियों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
