बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई: सुरक्षा खामियों पर 2 लाइब्रेरी और 2 होटल सील

Follow Us

बिलासपुर। लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और होटलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी है। शनिवार को संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर सुरक्षा खामियां मिलने पर शिवाय लाइब्रेरी और भारतीय कृषि कोचिंग इंस्टीट्यूट को सील कर दिया गया। वहीं, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र स्थित रॉयल राम लॉज और अशोका इन को भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।

जिला प्रशासन की टीम ने मंगला चौक से उस्लापुर तक संचालित कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और आवासीय संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान जिन संस्थानों को सील किया गया, वहां फायर सेफ्टी उपकरणों का अभाव, क्षमता से अधिक छात्रों की मौजूदगी, अध्ययन कक्ष में पर्याप्त जगह नहीं होना और अलग आपातकालीन निकासी मार्ग नहीं होने जैसी गंभीर कमियां पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान बिलासा लाइब्रेरी और शारदा लाइब्रेरी को भी नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने इन संस्थानों को कमियां दूर होने तक संचालन बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अन्य कोचिंग संस्थानों को फायर सेफ्टी उपकरण लगाने, प्रवेश-निकासी संकेतक स्थापित करने, अलग आपात निकासी द्वार की व्यवस्था करने और भवन संबंधी आवश्यक दस्तावेज नगर निगम में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

संयुक्त जांच दल ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के रॉयल राम लॉज और अशोका इन का भी निरीक्षण किया। दोनों होटल बिना आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के संचालित पाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें भी तत्काल सील कर दिया।