रायपुर। नेशनल हाईवे 53 (NH-53) पर मंदिर हसौद पुलिस थाना के ठीक सामने आज एक भीषण त्रिकोणीय सड़क हादसा हुआ। तेज गति से आ रहे एक भारी कंटेनर, रायपुर जा रही यात्री बस और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन डायल 112 के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें तीनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में किसी भी यात्री या पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ की टीम पलौद मोड़ की तरफ से नियमित पेट्रोलिंग पूरी कर वापस मंदिर हसौद थाने लौट रही थी। जैसे ही डायल 112 का वाहन थाने के सामने हाईवे से अंदर मुड़ने लगा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बड़े कंटेनर ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसी दौरान, कंटेनर के ठीक पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG 06 HB 9519) भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। डायल 112 की गाड़ी का अगला और साइड का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया है, और इंजन भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। वहीं किरण बस का सामने का हिस्सा (फ्रंट बंपर और विंडशील्ड) बुरी तरह टूट गया। हादसे के वक्त बस में यात्री सवार थे, जिससे अचानक हुए झटके के कारण बस के भीतर कुछ समय के लिए चीख-पुकार मच गई। वहीं कंटेनर का पिछला दरवाजा और बॉडी भी इस टक्कर में क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
