भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: 50 फीट नीचे गिरा क्रेन का केबिन, ऑपरेटर गंभीर

Follow Us

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के ब्लास्ट फर्नेस स्थित रॉ मैटेरियल एरिया में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे में क्रेन ऑपरेटर एवं ठेका मजदूर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गिरते समय केबिन बीच में स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार कम हो गई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि केबिन के भीतर मौजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद घायल रविंद्र चौधरी को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका आईसीयू में इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन हुआ था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। ऐसे में केबिन का अचानक गिरना सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।