मुंबई। दिग्गज फिल्मकार महेश भट्ट की प्रस्तुति में बनने वाली नई फिल्म नाम-टू लिव इज वॉर का आधिकारिक एलान कर दिया गया है। फिल्म में वीर पहाड़िया और वरुण शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धांत सचदेव कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण रिद्धि चावड़ा और उत्सव उपाध्याय द्वारा किया जा रहा है।
फिल्म की घोषणा के साथ वरुण शर्मा ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें महेश भट्ट, सिद्धांत सचदेव और वीर पहाड़िया दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “जब शहर बीमार हो जाए, तो दवा और जहर में फर्क करना मुश्किल हो जाता है।” इस टैगलाइन ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि ‘नाम-टू लिव इज वॉर’ एक रोमांचक और दमदार कहानी पर आधारित फिल्म होगी। महेश भट्ट के मार्गदर्शन और नई टीम के साथ यह प्रोजेक्ट दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट और अन्य कलाकारों को लेकर अधिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन घोषणा के बाद से ही फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
