शिवरीनारायण में महानदी का जलस्तर बढ़ा, पुल पर आवाजाही रोकी गई; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

Follow Us

जांजगीर-चांपा। महानदी में पानी बढ़ने और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल, नदी किनारे के क्षेत्रों और राहत शिविर का निरीक्षण किया। सुरक्षा व बचाव व्यवस्था की समीक्षा के बाद अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। महानदी पुल पर जलप्रवाह बढ़ने के कारण एहतियात के तौर पर आवागमन बंद कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर रख रही है और लोगों को तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है।

शिवरीनारायण के श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, रोशनी, स्वच्छता और शौचालय की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित प्रभावित इलाकों में मुनादी कर लोगों को सावधान किया जा रहा है। प्रशासन ने नदी, पुल और घाटों के पास अनावश्यक रूप से जाने, तेज बहाव के बीच सेल्फी या वीडियो बनाने तथा बंद किए गए मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम सुब्रत प्रधान, एसडीएम भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।