शिक्षकों की मांग को लेकर जम्हारी हाईस्कूल में छठवें दिन भी ताला बंद हड़ताल, पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज छात्र

Follow Us

पिथौरा। महासमुंद जिले के जम्हारी हाईस्कूल में शिक्षकों की पदस्थापना की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार छठवें दिन भी जारी है। छात्र और पालक स्कूल में ताला लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं और जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। सरायपाली ब्लॉक के जम्हारी हाईस्कूल में कुल 150 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। लेकिन स्कूल में शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में वर्तमान में केवल तीन शिक्षक ही नियमित रूप से पढ़ाई करा रहे हैं। वहीं स्कूल में एक बाबू, तीन व्याख्याता और एक प्रयोगशाला शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक व्याख्याता प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

छात्रों का कहना है कि कई विषयों के शिक्षक लंबे समय से नहीं हैं, जिसके कारण पढ़ाई पूरी नहीं हो पा रही है। वर्षों से पद खाली होने के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर 9 जुलाई से छात्र और पालक स्कूल के बाहर ताला लगाकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि स्कूल में जल्द से जल्द विषयवार शिक्षकों की पदस्थापना की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो सके।