मुंबई। नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिलने के बाद अभिनेता कार्तिक आर्यन मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। खास बात यह रही कि वह अपने साथ मिला राष्ट्रीय पुरस्कार भी लेकर गए और पूजा के दौरान उसे बप्पा के सामने रख दिया। सामने आए वीडियो में कार्तिक हाथ जोड़कर प्रार्थना करते और लालबागचा राजा के चरणों में सिर झुकाते नजर आए। इस दौरान उन्होंने नीला कुर्ता और सफेद बॉटम पहन रखा था। कार्तिक ने इस मौके को परिवार के लिए बेहद खुशी का पल बताया और कहा कि नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिलने के बाद बप्पा का आशीर्वाद लेना उनके लिए खास अनुभव है।
कार्तिक आर्यन को 2024 में रिलीज हुई बायोग्राफिकल स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में उनकी भूमिका के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला है। अवॉर्ड समारोह में उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मान प्राप्त किया। इसके बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर समारोह का वीडियो साझा करते हुए अपने सफर को याद किया और मेहनत, लगन व दृढ़ संकल्प का जिक्र किया। उन्होंने अपने पोस्ट में ग्वालियर से अभिनेता बनने के सपने तक की यात्रा को याद करते हुए कहा कि छोटे शहर के एक लड़के के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड पाना सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने फिल्म में भारत के पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने का मौका देने के लिए कबीर खान और साजिद नाडियाडवाला के प्रति आभार भी जताया।
