कमजोर सरकार कभी नहीं देखी’- अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा हमला, पीड़ितों पर दबाव के आरोप

Follow Us

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने गाजीपुर के करंडा कटरिया मामले को लेकर कहा कि, सच को दबाने की कोशिश की जा रही है और पीड़ितों पर दबाव बनाकर बयान बदलवाए जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि, राज्य में ऐसी सरकार है जो कमजोर और गरीब पीड़ितों की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि FIR दर्ज करने में देरी क्यों हुई और जांच प्रक्रिया को क्यों प्रभावित किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि, पीएम रिपोर्ट पर सवाल उठना गंभीर विषय है और पूरे मामले में पारदर्शिता की कमी दिख रही है। अखिलेश का दावा है कि, गांव के लोग वास्तविकता जानते हैं, लेकिन प्रशासनिक दबाव के कारण सच सामने नहीं आ पा रहा है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि, पीड़ित परिवारों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, जबकि प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है।

उन्होंने कहा कि, यह मामला केवल एक घटना नहीं बल्कि सामाजिक न्याय से जुड़ा बड़ा मुद्दा है। अखिलेश यादव ने इसे “दिखावटी कार्रवाई” करार देते हुए कहा कि, इससे पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि, देश में वास्तविक बदलाव तभी संभव है जब सामाजिक समानता और न्याय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि, उनकी पार्टी “सामाजिक न्याय” के लक्ष्य के साथ संघर्ष जारी रखेगी और इसे असली आज़ादी की लड़ाई बताया।