नई दिल्ली। भारतीय रेलवे अपनी ऑनलाइन टिकटिंग व्यवस्था को पूरी तरह आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) अपनी वेबसाइट और बुकिंग सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को तेज, आसान और बिना रुकावट टिकट बुकिंग अनुभव देना है। यह पूरा अपग्रेड 15 जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देशों के बाद इस प्रक्रिया को तेज किया गया है, खासकर उन शिकायतों के बाद जिनमें यात्रियों ने सर्वर स्लो होने, कैप्चा समस्या और तत्काल टिकट बुकिंग में दिक्कतों की बात कही थी।
नई प्रणाली में सबसे बड़ा बदलाव क्षमता को लेकर किया जा रहा है। पहले जहां IRCTC प्रति मिनट लगभग 32,000 टिकट प्रोसेस कर पाता था, अब इसे बढ़ाकर 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पीक समय में भी यात्रियों को तेज और सुगम सेवा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही ट्रेन से जुड़ी जानकारी देने वाला इंक्वारी सिस्टम भी बेहद तेज किया जा रहा है। पहले जहां 4 लाख क्वेरी प्रति मिनट संभव थीं, अब यह क्षमता बढ़कर लगभग 40 लाख तक पहुंच सकती है, जिससे यात्रियों को ट्रेन की स्थिति और सीट उपलब्धता तुरंत मिल सकेगी।
तत्काल टिकट बुकिंग को भी आसान और तेज बनाने पर खास ध्यान दिया जा रहा है, जहां सेकंडों में सीटें फुल होने की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। नई वेबसाइट पूरी तरह मोबाइल फ्रेंडली होगी और कई भाषाओं में उपलब्ध होगी। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर यात्रियों को यह अनुमान लगाने में मदद मिलेगी कि, उनका टिकट कन्फर्म होने की कितनी संभावना है। यह अपग्रेड आईआरसीटीसी (IRCTC) को एक तेज, स्मार्ट और ज्यादा भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म में बदलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
