होर्मुज पर ईरान का नियंत्रण नहीं: यूएस सेना ने तेहरान का दावा किया खारिज

Follow Us

वॉशिंगटन / तेहरान, (ए)। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के दावों को खारिज करते हुए साफ किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और वहां से जहाजों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक आधिकारिक बयान में सेंटकॉम ने कहा,होर्मुज जलडमरूमध्य उन सभी जहाजों के लिए खुला है जो कानूनी रूप से इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से गुजरना चाहते हैं। ईरान की अकारण आक्रामकता, उत्पीडऩ, धमकियों और मनमाने बयानों के बावजूद, अमेरिकी सेना नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए तैनात और पूरी तरह तैयार है। ईरान का इस जलडमरूमध्य पर कोई नियंत्रण नहीं है। यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। यह बयान ईरान के उस दावे के बाद आया है जिसमें उसकी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इस रणनीतिक जलमार्ग को अगले आदेश तक बंद करने का एलान किया था। अमेरिकी सेना ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और किसी भी देश को इसे रोकने का हक नहीं है। अमेरिकी बल वैश्विक व्यापार और जहाजों की सुरक्षा के लिए वहां मुस्तैद हैं। वहीं, होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जुबानी जंग और तीखी हो गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड द्वारा इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को खुला बताने और यातायात सामान्य होने के दावे को ईरान ने सिरे से खारिज कर दिया है।

ईरान ने दो- टूक कहा है कि यह रणनीतिक रास्ता फिलहाल बंद है और इस पर उसका पूरा नियंत्रण है। ईरान की आधिकारिक समुद्री संस्था ‘पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी’ (पीजीएसए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अमेरिकी दावों को खारिज किया। पीजीएसए ने सभी को सूचित करते हुए कहा, ‘क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य बलों की हालिया अवैध गतिविधियों के कारण, फिलहाल होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरना संभव नहीं है’। ईरान ने स्पष्ट किया है कि जब क्षेत्र में स्थिरता और शांति बहाल होगी, तभी जहाजों के आवेदनों की समीक्षा की जाएगी और तय शेड्यूल के अनुसार जरूरी ट्रांजिट परमिट जारी किए जाएंगे। संस्था ने चेतावनी दी है कि इस जलमार्ग से गुजरने के लिए ट्रांजिट परमिट प्राप्त करने का एकमात्र जरिया उनकी आधिकारिक वेबसाइट है।