नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने प्लेऑफ्स के वेन्यू और शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार फाइनल की मेजबानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को दी गई है, जबकि पहले यह अधिकार बेंगलुरु के पास था। BCCI के मुताबिक, यह बदलाव कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक कारणों के चलते किया गया है। बोर्ड ने इसे “स्पेशल केस” बताया है। खास बात यह है कि, इस बार प्लेऑफ्स मुकाबले तीन अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे, जो IPL इतिहास में एक अनोखा प्रयोग माना जा रहा है।

प्लेऑफ्स का आगाज 26 मई को क्वालीफायर 1 से होगा, जो धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 27 मई को न्यू चंडीगढ़ में एलिमिनेटर मुकाबला होगा। इसी मैदान पर 29 मई को क्वालीफायर 2 भी आयोजित किया जाएगा। आखिर में 31 मई को अहमदाबाद में भव्य फाइनल खेला जाएगा, जहां नए चैंपियन का फैसला होगा। फॉर्मेट के अनुसार, टॉप-2 टीमें क्वालीफायर 1 में भिड़ेंगी और विजेता सीधे फाइनल में पहुंचेगा। हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा। तीसरे और चौथे स्थान की टीमें एलिमिनेटर खेलेंगी, जहां हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी। IPL 2026 का यह नया शेड्यूल और वेन्यू बदलाव टूर्नामेंट के रोमांच को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है। अब सभी की नजरें टॉप-4 टीमों और फाइनल की जंग पर टिकी हैं।
