लखनऊ एयरपोर्ट पर 40 लाख के iPhone और MacBook जब्त, गुजरात से आई खेप पर लगा तगड़ा जुर्माना

Follow Us

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टैक्स चोरी के एक बड़े खेल का भंडाफोड़ हुआ है। उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग की विशेष टीम ने एयरपोर्ट पर छापा मारकर करीब 40 लाख रुपये कीमत के एप्पल आईफोन (iPhone) और मैकबुक (MacBook) की एक बड़ी खेप बरामद की है। पकड़े गए इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ कोई वैध बिल या ई-वे बिल नहीं मिला, जिसके बाद विभाग ने पूरी खेप जब्त कर व्यापारी पर 14.32 लाख रुपये का भारी जुर्माना ठोक दिया है।

अहमदाबाद से फ्लाइट के जरिए लखनऊ पहुंची थी खेप
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, यह कीमती कंसाइनमेंट गुजरात के अहमदाबाद से हवाई मार्ग के जरिए लखनऊ लाया गया था। इसे बिना किसी आधिकारिक कागजात के उत्तर प्रदेश के विभिन्न बाजारों में खपाने की गुप्त तैयारी थी। जांच दल ने जब एयरपोर्ट पर सामान को रोका और दस्तावेज मांगे, तो वाहक कोई भी वैध बिल पेश नहीं कर सका। इसके बाद वाणिज्य कर विभाग के सचल दल ने पूरे माल को अपनी कस्टडी में ले लिया।

नए और पुराने दोनों मॉडल्स शामिल, लगा तगड़ा जुर्माना
जांच में सामने आया कि पकड़े गए गैजेट्स में एप्पल आईफोन और मैकबुक के कई नए और पुराने मॉडल शामिल हैं। टैक्स चोरी की पुष्टि होने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित व्यापारी पर 14.32 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। जुर्माना जमा कराने के साथ ही विभागीय अधिकारी अब इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर रहे हैं।

टैक्स चोरी के नए ट्रेंड पर शिकंजा
अधिकारियों का कहना है कि जीएसटी और टैक्स से बचने के लिए तस्कर और व्यापारी अब रेलवे, एयरपोर्ट और अंतरराज्यीय लग्जरी बसों के जरिए बिना बिल का महंगा इलेक्ट्रॉनिक सामान मंगवा रहे हैं। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि अहमदाबाद से यह माल किसने भेजा था और लखनऊ में इसे किन-किन स्थानीय डीलरों तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कर चोरी के इस सिंडिकेट से जुड़े किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी तेजी से जारी रखा जाएगा।