रायपुर। NEET-2026 पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्टर और सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में इस मामले को लेकर शिकायतें मिलने के बाद पुलिस संबंधित लोगों की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस पोस्टर लहराने वालों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर सामग्री अपलोड और प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है। प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर के कलेक्टोरेट चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के पास हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन में कुछ नाबालिग भी मौजूद थे। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर थे, जिनकी जांच की जा रही है। जानकारों के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय सामग्री प्रदर्शित करने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। पुलिस अब वायरल सामग्री, पोस्टर और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
