रायपुर । राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मारपीट, जान से मारने की धमकी, सड़क हादसे और वाहन चोरी के मामले सामने आए हैं। खमतराई क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर एक परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट की गई। वहीं मुजगहन क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेलीबांधा क्षेत्र में पार्किंग से बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
० पुरानी रंजिश में घर में घुसकर परिवार पर हमला
खमतराई थाना क्षेत्र के बुधवारी बाजार, रावाभाठा में 1 अक्टूबर की शाम पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। शिकायत के अनुसार, धीरज और उसके अन्य साथियों ने उर्मिला यादव के घर का दरवाजा तोड़कर जबरन प्रवेश किया। आरोप है कि आरोपियों ने उर्मिला, उनके पति और बेटे के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए ईंट-पत्थर और डंडे से मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुलिस ने 11 अक्टूबर को मामला दर्ज किया।
० बाइक चलाने को लेकर विवाद, युवक से मारपीट
खमतराई के शिवानंद नगर में 10 अक्टूबर को मोटरसाइकिल तेज और लापरवाही से चलाने की बात पर विवाद हो गया। शिकायतकर्ता अर्चित यादव ने वाहन चलाने के तरीके पर आपत्ति जताई तो आरोप है कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक एप्पल कंपनी का ब्लूटूथ उपकरण भी तोड़ दिया गया।
० ऑटो से उतरने की बात पर मारपीट
मुजगहन थाना क्षेत्र के भटगांव में 10 अक्टूबर की रात ऑटो में जबरन बैठे व्यक्ति को उतरने के लिए कहने पर विवाद हो गया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने लोकनाथ पारस के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
० अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
मुजगहन थाना क्षेत्र में धनेली जंगल रोड के पास 9 अक्टूबर की रात सड़क हादसे में अमिताभ पवन धीवर (22), निवासी बोरियाकला मठपारा, रायपुर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी अज्ञात वाहन के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
० बेबीलोन टावर की पार्किंग से बाइक चोरी
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में बेबीलोन टावर की पार्किंग से 10 अक्टूबर की रात प्रकाशचंद साहू की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। बाइक का पंजीयन क्रमांक सीजी 04 केजे 3829 है और उसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस सभी मामलों में जांच कर रही है। मारपीट के मामलों में आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है, जबकि सड़क हादसे में फरार वाहन चालक और चोरी की घटना में शामिल आरोपी की तलाश जारी है।
