पानी से भरे गड्ढे में गिरकर मासूम भाई-बहन की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
गरियाबंद।गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में घर के बाहर खेल रहे भाई-बहन की कचरा फेंकने के गहरे गड्ढे (घुरवा गड्ढा) में डूबने से मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश थमने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों घर के समीप स्थित घुरवा गड्ढे के पास पहुंच गए। आशंका है कि खेलते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे दोनों गहरे पानी में गिर गए और डूब गए।
काफी देर तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश
जब काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चे घुरवा गड्ढे में मिले। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
सुरक्षा व्यवस्था की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने गांव में खुले और गहरे घुरवा गड्ढों की घेराबंदी करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाते तो शायद यह हादसा टल सकता था। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और मासूम भाई-बहन की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।
