अभनपुर में राहुल गांधी ने कांग्रेस जिला अध्यक्षों को दिया जीत का मंत्र, संगठन मजबूती पर जोर

Follow Us

रायपुर/अभनपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद किया। कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष सत्र में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने पदाधिकारियों से कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम लोगों के मुद्दों को प्राथमिकता देने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का आह्वान किया।

अभनपुर में राहुल गांधी के पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पहुंचे। भीड़ इतनी अधिक रही कि कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रवेश के दौरान धक्का-मुक्की जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों से फीडबैक लिया और संगठन की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की। बताया जा रहा है कि बैठक में पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी पर भी विशेष फोकस रहा।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम को सीमित रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अभनपुर पहुंचे और राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि प्रशिक्षण शिविर के जरिए कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।