रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज शाम 6 बजे नवा रायपुर के महानदी भवन (मंत्रालय) में राज्य कैबिनेट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में प्रदेश के किसानों, सरकारी कर्मचारियों और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लग सकती है।
आगामी खरीफ सीजन की शुरुआत से ठीक पहले प्रदेश के कई जिलों से डीएपी और यूरिया की किल्लत की खबरें आ रही हैं। सरकार का मुख्य फोकस बोआई के समय किसानों को राहत देना है। बैठक में सहकारी समितियों के माध्यम से खाद वितरण की नई व्यवस्था बनाने और अतिरिक्त आवंटन को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है। इसके साथ ही, किसानों को पेट्रोल और डीजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
किसानों के अलावा, लंबे समय से सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर पर लगी रोक को हटाने पर भी आज विचार किया जा सकता है। मंत्रियों और विधायकों की मांग को देखते हुए सरकार एक सीमित अवधि के लिए नई ट्रांसफर नीति लागू कर सकती है, जिससे संवेदनशील विभागों में बड़े फेरबदल का रास्ता साफ होगा। वहीं, राजधानी क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए ‘स्टेट कैपिटल रीजन’ (SCR) के दायरे को बढ़ाने पर भी अंतिम मुहर लग सकती है। दुर्ग-भिलाई और नवा रायपुर के बाद अब इस योजना में राजनांदगांव सहित कुछ अन्य नगरीय क्षेत्रों को जोड़ने का प्रस्ताव है। कुल मिलाकर, आज शाम होने वाली इस बैठक से छत्तीसगढ़ के किसानों, आम जनता और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
