रायपुर। राजधानी रायपुर से ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शातिर ठगों ने बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना शिकार बनाया है। ठग ने खुद को बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से 10 हजार रुपये ऐंठ लिए। यह पूरी घटना खम्हारडीह थाना इलाके की है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने विधायक को फोन किया और झांसा दिया कि वह अपने परिवार के साथ भुवनेश्वर जा रहा है, लेकिन रास्ते में ड्राइवर से विवाद हो गया है और उसकी फैमिली मुसीबत में है। उसने डीजल भरवाने के नाम पर तुरंत पैसों की मदद मांगी। आरोपी की बातों और उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर नितिन नवीन व अन्य बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें देखकर विधायक को उस पर भरोसा हो गया। विधायक पुरंदर मिश्रा ने तुरंत जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए दो बार में कुल 10 हजार रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर करवा दिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद जब ठग ने दोबारा पैसों की मांग की, तब विधायक को शक हुआ। उन्होंने जब नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर इसकी पुष्टि की, तो पता चला कि उस नाम का कोई भी व्यक्ति वहाँ काम नहीं करता। ठगी का अहसास होते ही सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है। पुलिस अब मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। विधायक ने इस घटना के बाद आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बिना पूरी जांच-पड़ताल किए पैसों का लेनदेन न करें। गौरतलब है कि रायपुर में एक हफ्ते पहले ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से भी मोबाइल लूट की वारदात हो चुकी है।
