नई दिल्ली। गाजा में बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भारत में फिलिस्तीनी दूतावास ने तत्काल मानवीय और मेडिकल सहायता की अपील की है। दूतावास ने भारत और भारतीय नागरिकों से मदद की उम्मीद जताते हुए कहा कि, इस संकट की घड़ी में जीवन बचाने के लिए तुरंत कदम उठाने की जरूरत है। फिलिस्तीनी दूतावास ने अपने बयान में कहा कि, गाजा का स्वास्थ्य क्षेत्र गंभीर संकट से गुजर रहा है। मेडिकल सुविधाओं पर दबाव, अस्पतालों की खराब स्थिति और जरूरी दवाओं व उपकरणों की कमी के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दूतावास ने भारत की मानवीय पहल ‘आरोग्य मैत्री’ का जिक्र करते हुए मेडिकल सप्लाई और स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। बयान में कहा गया कि, भारत ने हमेशा जरूरतमंद देशों की मदद की है और इस संकट में भी उसकी भूमिका अहम हो सकती है। दूतावास ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि, क्षेत्र के कई अस्पताल पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहे हैं। दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, रक्त आपूर्ति और अस्पतालों के लिए जरूरी ईंधन की कमी ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।
इसके अलावा दूतावास ने गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य स्थानों पर भेजने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि, मानवीय आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए तत्काल सहयोग किया जाए। फिलिस्तीनी दूतावास ने कहा कि, हर मानव जीवन महत्वपूर्ण है और इस संकट के समाधान के लिए वैश्विक स्तर पर संयुक्त प्रयास जरूरी हैं।
