प्लॉट बेचने का झांसा देकर 8 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

Follow Us

दुर्ग। प्लॉट बेचने के नाम पर 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों ने रकम लेने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई और बाद में उसी भूमि को किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेच दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थिया संतोषी मेश्राम, निवासी आर्य नगर कोहका (भिलाई), ने परिचितों के माध्यम से नोकेश देशमुख और उसकी पत्नी नेहा देशमुख से संपर्क किया था। दोनों ने वार्ड-3, दमोदा बोरई चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव स्थित 1240 वर्गफीट प्लॉट का सौदा 5.50 लाख रुपये में किया। जमीन नेहा देशमुख के नाम पर थी। पीड़िता ने ऑनलाइन और नकद मिलाकर 5.20 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।

इसके बाद आरोपियों ने व्यावसायिक जरूरत का हवाला देकर उधार के नाम पर 2.80 लाख रुपये और ले लिए। इस तरह कुल 8 लाख रुपये लेने के बाद भी उन्होंने रजिस्ट्री नहीं कराई और लगातार टालमटोल करते रहे।

बाद में पीड़िता ने भुईंया ऐप पर जांच की तो पता चला कि जिस जमीन का सौदा उससे किया गया था, उसकी रजिस्ट्री पहले ही थनोद निवासी मनीषा देवांगन के नाम की जा चुकी है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा और दिनेश कुमार पांडे सहित अन्य लोगों से भी प्लॉट बेचने के नाम पर बयाना लेकर धोखाधड़ी की है।

पीड़िता की शिकायत पर पुलगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।