बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान के 100 दिन पूरे, अब विकास पर सरकार का फोकस- डिप्टी सीएम साव

Follow Us

रायपुर। बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के 100 दिन पूरे होने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों की बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि जिस चुनौती को कभी बेहद कठिन माना जाता था, उसमें अब सुरक्षा के साथ विकास की नई शुरुआत हुई है।

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों के कारण प्रभावित रहे इस क्षेत्र में अब सड़क, पेयजल, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

डिप्टी सीएम साव ने हाल ही में बस्तर संभाग के पांच जिलों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि, सरकार का लक्ष्य है कि, योजनाओं का लाभ क्षेत्र के हर व्यक्ति तक पहुंचे और बस्तर को विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ा जाए। वहीं, आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर अरुण साव ने कहा कि, भाजपा पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि, पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में बिना भेदभाव विकास कार्य किए गए हैं और जनता का समर्थन भाजपा के साथ रहेगा।