अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में मानव तस्करी के एक संदिग्ध मामले का खुलासा हुआ है। अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर जांच के दौरान झारखंड से आई एक बस से 16 युवतियों सहित कुल 20 लोगों को रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सभी लोगों को बेहतर नौकरी और अधिक वेतन का झांसा देकर कर्नाटक ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर जिला बाल संरक्षण इकाई और सामाजिक संस्था एमएसवीपी (MSVP) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित मानव तस्करी की कोशिश को विफल कर दिया।
रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग की जा रही है। अधिकारियों द्वारा पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।वहीं पुलिस मानव तस्करी गिरोह के सरगना और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
