बलरामपुर । बलरामपुर जिले में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। राजपुर-कुसमी मुख्य मार्ग पर सेवारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पास बॉक्साइट से लदे ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पिकअप में चालक समेत 11 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और काम के सिलसिले में शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेवारी स्कूल के पास सामने से आ रहे बॉक्साइट लोड ट्रक से उनकी पिकअप की भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद कुछ मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि कुछ पिकअप के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
राजपुर अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं सात घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शव फिलहाल राजपुर अस्पताल में रखे गए हैं। मृतकों की पहचान और उनके पते की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। राजपुर पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और पिकअप दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
