90 मिनट की बातचीत से तेज हुई शांति की उम्मीद, ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की पेशकश की

Follow Us

वॉशिगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच करीब 90 मिनट तक हुई फोन वार्ता ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर नई कूटनीतिक हलचल पैदा कर दी है। तुर्की में प्रस्तावित नाटो शिखर सम्मेलन से पहले हुई इस बातचीत में ट्रंप ने युद्ध समाप्त कराने और समाधान की दिशा में अमेरिका की भूमिका निभाने की पेशकश की।

क्रेमलिन के अनुसार, बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में हुई। इस दौरान पुतिन ने अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ पर ट्रंप को शुभकामनाएं दीं और दोहराया कि रूस कूटनीतिक समाधान चाहता है, लेकिन अपनी शर्तों के साथ। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित समझौते में डोनबास क्षेत्र पर रूस का नियंत्रण अहम मुद्दा रहेगा।

वहीं ट्रंप ने संकेत दिया कि उनके विशेष प्रतिनिधि आगे भी वार्ता के प्रयास जारी रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर मॉस्को का दौरा भी कर सकते हैं। दूसरी ओर, यूक्रेन ने अमेरिकी पहल का स्वागत किया, हालांकि युद्ध को लेकर दोनों पक्षों के रुख में अब भी बड़ा अंतर बना हुआ है। इस बीच क्रेमलिन ने यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों पर संघर्ष को लंबा खींचने का आरोप लगाया। ऐसे में यह बातचीत भविष्य की शांति वार्ता के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।