हिस्ट्रीशीटर सत्या घृतलहरे गिरफ्तार, लूटकांड के 3 आरोपी दबोचे गए, सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत

Follow Us

बिलासपुर। जिले में अपराध और हादसों से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या घृतलहरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर क्रेशर संचालकों और ट्रक चालकों से अवैध वसूली, धमकी और मारपीट जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने सिरगिट्टी इलाके से उसे दबोचा, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

वहीं, स्कूटी सवार युवक से लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को चकरभाठा पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। 16 जून की रात आरोपियों ने चाकू की नोक पर युवक से नकदी और स्कूटी लूट ली थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई मोपेड, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।

इधर, रतनपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई। तेज रफ्तार कोयले से भरी ट्रेलर के पलटने से बाइक सवार संदीप रजक और प्रदीप रजक उसकी चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के तहत 20 जून को बिलासपुर जिले के 99,906 किसानों के खातों में करीब 19.98 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।