तेज रफ्तार कांकेर रोडवेज बस का कहर: कार को रौंदा, चालक की मौत, दो गंभीर घायल

Follow Us

कोंडागांव। जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की तेज रफ्तार यात्री बस ने घोड़ा गांव के पास एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जंगल में जा घुसी।

कार में सवार तीनों लोग कोंडागांव से गीदम जा रहे थे। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने जिले में बसों की बेलगाम रफ्तार पर चिंता जताते हुए परिवहन विभाग और प्रशासन से नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।