गुजरात निकाय चुनाव: अमित शाह और जय शाह ने परिवार संग डाला वोट

Follow Us

अहमदाबाद। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के तहत रविवार सुबह से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने गृहनगर अहमदाबाद में परिवार के साथ मतदान किया। उनके साथ जय शाह भी मौजूद रहे। अमित शाह ने नारायणपुरा स्थित बूथ पर वोट डालने के बाद लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी मतदान की जानकारी साझा करते हुए अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया। वहीं, सूरत में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने अपनी 89 वर्षीय मां और परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि मतदान करना हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी नेताओं और अधिकारियों ने मतदान में हिस्सा लिया। अर्जुन मोढवाडिया ने पोरबंदर जिले में अपने पैतृक गांव में वोट डाला और लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। इस चुनाव में पूरे राज्य की 393 स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें नगर निगम, नगरपालिकाएं, जिला पंचायत और तालुका पंचायतें शामिल हैं। लगभग 4.18 करोड़ मतदाता और करीब 50,000 मतदान केंद्र इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं। यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच बहुकोणीय मुकाबला बन चुका है।