भूमिहीन मजदूर परिवारों के लिए संबल बनी शासन की योजनाएं: राम सिंह के जीवन में आई आर्थिक मजबूती

Follow Us

o दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से मिली वार्षिक सहायता, महतारी वंदन योजना से बढ़ी घरेलू आर्थिक सुरक्षा

सरगुजा। सीएम साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर और भूमिहीन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगा रही हैं। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड निवासी राम सिंह का परिवार इसका सजीव उदाहरण है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और महतारी वंदन योजना से मिल रही नियमित आर्थिक सहायता ने उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है।

राम सिंह ने बताया कि वे मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। स्वयं की कृषि भूमि नहीं होने के कारण पहले परिवार का खर्च चलाना कठिन था। राज्य शासन की दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत उन्हें प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। यह राशि परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने और विपरीत परिस्थितियों में सहारा देने का काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि मिलती है। इस नियमित आर्थिक सहयोग से घरेलू खर्च, दैनिक आवश्यकताओं और अन्य जरूरतों को पूरा करने में सुविधा मिल रही है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हुई है।

राम सिंह ने बताया कि उनके परिवार में चार बच्चे हैं, जो समय-समय पर मजदूरी कर परिवार का सहयोग करते हैं। शासन की योजनाओं से मिलने वाली सहायता ने परिवार के जीवन-यापन को आसान बनाया है और जरूरत के समय आर्थिक सुरक्षा का आधार भी दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाएं भूमिहीन और श्रमिक परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। राम सिंह ने सीएम साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशील पहल से उनके जैसे हजारों परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर और भविष्य के प्रति नया विश्वास मिला है।