अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सोना-चांदी फिसले, मजबूत डॉलर और बिकवाली से कीमतों पर दबाव

Follow Us

मुंबई। वैश्विक बाजारों में बढ़ती अनिश्चितता और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के बीच सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। अमेरिका-ईरान तनाव के बावजूद निवेशकों ने कीमती धातुओं में मुनाफावसूली की, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दोनों धातुओं पर दबाव बना रहा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव 1,43,478 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे खुला। शुरुआती कारोबार में यह गिरकर करीब 1,42,064 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। दिन के कारोबार में सोने ने 1,41,557 रुपये का निचला स्तर और 1,43,478 रुपये का ऊपरी स्तर दर्ज किया।

वहीं, चांदी में भी कमजोरी देखने को मिली। 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी पिछले बंद भाव 2,22,664 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले गिरकर 2,18,648 रुपये पर खुली और बाद में करीब 2,18,476 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती रही। सत्र के दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,17,277 रुपये रहा। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स में तेजी और वैश्विक निवेशकों की सतर्क रणनीति के कारण सोना-चांदी दबाव में आए हैं। मजबूत डॉलर से आमतौर पर कीमती धातुओं की मांग प्रभावित होती है, क्योंकि वे अन्य मुद्राओं में महंगी हो जाती हैं। विश्लेषकों का कहना है कि, मध्य-पूर्व के तनाव, बॉन्ड यील्ड और वैश्विक आर्थिक संकेत आने वाले दिनों में सोने-चांदी की दिशा तय करेंगे। निवेशकों की नजर अब अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और अमेरिकी बाजार के रुख पर बनी हुई है।