नई दिल्ली। ब्रिटिश वाहन निर्माता एमजी मोटर ने गुडवुड फेस्टिवल ऑफ स्पीड 2026 में अपनी भविष्य की इलेक्ट्रिक कारों की झलक दिखाकर ऑटोमोबाइल जगत में हलचल मचा दी है। कंपनी ने इस खास आयोजन में दो नई इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट कारों MG Go! और Cyber Concept को पेश किया। इनमें से MG Go! पर आधारित प्रोडक्शन मॉडल को 2027 में बाजार में उतारने की तैयारी है, जबकि Cyber Concept के उत्पादन संस्करण को लेकर अभी कोई समयसीमा तय नहीं की गई है।
MG Go! को एक कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक हैचबैक के रूप में डिजाइन किया गया है। कंपनी के मुताबिक, इस कार में पुराने MG मॉडलों की विरासत और आधुनिक इलेक्ट्रिक तकनीक का मेल देखने को मिलेगा। इसकी डिजाइन में MG B GT, MG Metro Turbo और MG ZR जैसे लोकप्रिय मॉडलों की झलक दिखाई देती है। कार के डिजाइन में गोल हेडलैंप, बंद फ्रंट ग्रिल, बड़े अलॉय व्हील और स्पोर्टी रूफ स्पॉइलर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी बैटरी क्षमता, रेंज और मोटर से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा नहीं की है।
वहीं, Cyber Concept को भविष्य की हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक SUV के रूप में पेश किया गया है। इसका डिजाइन MG की ऐतिहासिक EX181 लैंड स्पीड रिकॉर्ड कार से प्रेरित बताया गया है। इसमें एयरोडायनामिक बॉडी, चौड़ा स्टांस, एलईडी लाइट स्ट्रिप और स्पोर्टी लुक दिया गया है। एमजी का कहना है कि, ये दोनों कॉन्सेप्ट मॉडल कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की भविष्य की रणनीति को दर्शाते हैं। MG Go! की लॉन्चिंग के साथ कंपनी छोटे इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
