रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गेड़ी लोक नर्तक और लोक श्रृंगार भारती, बिलासपुर के संचालक अनिल कुमार गढ़ेवाल ने सोमवार को लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उनके सहयोगी लक्ष्मी नारायण मांडले भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने गढ़ेवाल और उनकी टीम के प्रयासों व उपलब्धियों की प्रशंसा की। अनिल गढ़ेवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गेड़ी लोक नृत्य दल ने 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह और 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में हुए ‘एट होम’ कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दी थी। इन राष्ट्रीय आयोजनों में गेड़ी नृत्य के माध्यम से दल ने छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि लोकनृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं। कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की कला और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं। उन्होंने अनिल गढ़ेवाल और उनके सहयोगियों को लोककला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार काम करने और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
