गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नहर में बहते हुए गांजे के पैकेट मिलने से पुलिस और स्थानीय लोग चौंक गए। पाण्डुका थाना क्षेत्र के मोहतरा-अतरमरा के बीच फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में लोगों ने संदिग्ध पैकेट बहते देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से एक-एक कर कुल 17 पैकेट बरामद किए। शुरुआती जांच में इनमें करीब 68 किलो से अधिक गांजा होने की आशंका जताई गई है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी पैकेट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक अनुमान है कि, तस्करों ने पुलिस कार्रवाई या पीछा किए जाने के डर से गांजा से भरे पैकेट नहर में फेंक दिए होंगे, ताकि सबूत मिटाया जा सके। हालांकि, पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं यह तस्करी का नया तरीका तो नहीं, जिसमें जलमार्ग का इस्तेमाल किया जा रहा हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय पुलिस तस्करों तक पहुंचने के लिए नेटवर्क खंगाल रही है। नहर में बहते गांजे की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे मादक पदार्थ तस्करी के बदलते तरीकों से जोड़कर देखा जा रहा है।
