बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र की घटना, गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने किया हमला; पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम धनिया में खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान एक फर्नीचर कारोबारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित की शिकायत पर सीपत थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धनिया निवासी माधो पाटनवार (56) शनिवार शाम अपने बड़े भाई गोपाल पाटनवार के साथ चौकरा स्थित खेत में ट्रैक्टर से जुताई और बुआई का काम कर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव का कोमल पाटनवार वहां पहुंचा और खेत की जुताई को लेकर विवाद करने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में माधो पाटनवार के दोनों हाथों में चोटें आईं। मौके पर मौजूद बड़े भाई गोपाल पाटनवार ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद घायल कारोबारी ने अपने बेटों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन उन्हें सीपत थाना लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि खेत को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद या रंजिश थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
