रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को गणेश विसर्जन की भव्य झांकी धूमधाम से निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शारदा चौक से झांकी प्रारंभ हुई, जो जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकाली तालाब रोड, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदरनगर होते हुए रायपुरा महादेवघाट की ओर बढ़ी। रास्ते भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
जिसमें मुख्य रूप से देवी-देवताओं की लीलाओं, रामायण- महाभारत के प्रसंगों और भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित मनमोहक झांकियों के साथ देश भक्ति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति जैसे जागरूक करने वाले विषय पर झांकियां अंकित की गई। उल्लेखनीय है कि सुरक्षा के लिए पुलिस ने तीन लेयर का प्लान बनाकर 2000 जवानों को तैनात किया, ड्रोन कैमरों और वॉच टावर से निगरानी की गई। झांकी रूट के साथ ही शहर की अन्य सड़कों पर भी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात रही।
तीन लेयर सुरक्षा
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने 6 जोन और 30 सेक्टर में पूरे रूट को बांटा था। हर जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी प्रभारी के रूप में तैनात रहे। कुल 2000 जवानों की ड्यूटी लगाई गई। शाम 5 बजे से ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाला। शाम 6 बजे से झांकी रूट पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। कई वॉच टावर बनाए गए और ड्रोन से वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए निगरानी की गई। आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ACCU क्राइम ब्रांच की 20 टीमें सक्रिय रही।
शराब दुकानें रही बंद
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम के साथ बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की सभी देशी-विदेशी शराब दुकानों को शाम 4 बजे से सील कर दिया गया था। रायपुर कमिश्नर के पत्र के बाद कलेक्टर ने आदेश जारी किया था। आबकारी विभाग ने नशे में हुल्लड़ और असामाजिक गतिविधियों पर रोक के लिए यह कदम उठाया।
जर्जर मकान सील, सदर बाजार में कम रहा साउंड
नगर निगम ने सदर बाजार में 10 जर्जर मकानों को नोटिस देकर सील कर दिया था, ताकि कोई झांकी देखने के लिए उनकी छतों पर न चढ़े। वहां पुलिस जवान भी तैनात रहे। सदर बाजार में साउंड सिस्टम धीमी आवाज में बजाया गया। शोर मापने के लिए मशीन लगाई गई थी, 50 डेसिबल से अधिक आवाज पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
पार्किंग और डायवर्जन के बावजूद लगे जाम
श्रद्धालुओं के लिए जोनवार पार्किंग व्यवस्था के बावजूद राजधानी के कई क्षेत्र में जबरदस्त जाम लगी रही। जिसमें आम जनता कई घंटे तक फंसे रहे। तेलीबांधा, पंडरी, राजातालाब क्षेत्र के लोग शहीद स्मारक भवन के पास, कटोरा तालाब-टिकरापारा वाले गांधी मैदान के पास, मठपारा- पुरानी बस्ती वाले इंडोर स्टेडियम के पास और लाखेनगर, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी वाले ईदगाह भाठा और नवीन मार्केट में वाहन पार्क किया गया। लेकिन यह शाम से लेकर रात तक जाम की स्थिति बनी रही।तेलीबांधा-शास्त्री चौक से टाटीबंध जाने वाले वाहनों को रिंग रोड-1 से और धमतरी रोड से स्टेशन जाने वालों को कालीबाड़ी-शास्त्री चौक होकर डायवर्ट किया गया, जिससे शहर में आवागमन सुधार हुआ।



