रायपुर। राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ऑनलाइन ठगी, मारपीट, युवती से कथित बदसलूकी और बाइक चोरी के चार मामले सामने आए हैं। संबंधित शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांज थाना क्षेत्र की सेंट्रल जेल कॉलोनी में चंद्रकांत सिन्हा ने शिकायत दी कि उनके मोबाइल में यूनो, पेटीएम और फोनपे एप काम नहीं कर रहे थे। सर्विस सेंटर में मोबाइल फॉर्मेट कराने के बाद एप दोबारा डाउनलोड किए गए, जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनके एसबीआई खाते से ऑनलाइन तरीके से 95 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव में घर के सामने शराब पीने से रोकने को लेकर विवाद हुआ। शिकायतकर्ता खगेश खुंटे के मुताबिक छोटू और प्रितेश माहेश्वरी के साथ कहासुनी के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्के और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। वहीं गोलबाजार थाना क्षेत्र में एक फैंसी स्टोर से सामान खरीदने गई 22 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उसका हाथ पकड़ा, गाली-गलौज की, धमकी दी और हाथ-मुक्के व चाबी से मारकर चोट पहुंचाई। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
इसी तरह उरला थाना क्षेत्र के ग्राम बोरझरा में घर के पास खड़ी हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई है। हितेश कुमार वर्मा के मुताबिक उनकी बाइक क्रमांक सीजी 04 एनडी 9130 की कीमत करीब 30 हजार रुपये है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चारों मामलों में शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
