दिल्ली। दिल्ली में बिजली के खंभों, ओवरहेड तारों, ट्रांसफॉर्मर और सब-स्टेशनों के आसपास अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ BSES ने कार्रवाई तेज कर दी है। बिजली के बुनियादी ढांचे के आसपास सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर निर्माण करने वालों को लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। BSES के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में 44 हजार से अधिक और वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 35,500 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं। इस तरह दोनों वित्त वर्षों में कुल 80,263 नोटिस दिए जा चुके हैं।
चार क्षेत्रों में बिजली नेटवर्क का नियमित निरीक्षण
BSES दक्षिण, पश्चिम, पूर्वी और मध्य दिल्ली में बिजली वितरण नेटवर्क की नियमित निगरानी कर रही है। निरीक्षण के दौरान बिजली लाइनों के नजदीक बने मकानों, बालकनी, छज्जों, बरामदों और छतों पर ऐसे निर्माण की पहचान की जाती है, जो निर्धारित सुरक्षा दूरी का उल्लंघन करते हैं। ऐसे निर्माणों को चिह्नित करने के बाद संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किया जाता है। साथ ही निर्माण में जरूरी सुधार करने और बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी जाती है।
नियमों की अनदेखी पर टास्क फोर्स करेगी कार्रवाई
कंपनी के अनुसार, नोटिस जारी करने के बाद क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से संबंधित निर्माणों पर लगातार नजर रखी जाती है। यदि उपभोक्ता नोटिस मिलने के बावजूद अवैध निर्माण या अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो मामले विशेष टास्क फोर्स और संबंधित नागरिक एजेंसियों को भेजे जाते हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत गठित टास्क फोर्स दिल्ली नगर निगम (MCD), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करती है।
बिजली की लाइनों से कितनी दूरी रखना जरूरी?
केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के सुरक्षा नियमों के अनुसार, बिजली लाइनों के आसपास भवन निर्माण के लिए वोल्टेज के आधार पर न्यूनतम सुरक्षित दूरी निर्धारित की गई है।
0 650 वोल्ट तक: 2.5 मीटर ऊर्ध्वाधर और 1.2 मीटर क्षैतिज दूरी।
0 650 वोल्ट से 11 केवी तक: 3.7 मीटर ऊर्ध्वाधर और 1.2 मीटर क्षैतिज दूरी।
0 11 केवी से 33 केवी तक: 3.7 मीटर ऊर्ध्वाधर और 2 मीटर क्षैतिज दूरी।
0 33 केवी से अधिक: वोल्टेज के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षित दूरी के नियम लागू होंगे।
यहां कर सकते हैं बिजली संबंधी खतरे की शिकायत
बिजली के तारों के पास असुरक्षित निर्माण, अतिक्रमण या किसी अन्य बिजली संबंधी खतरे की शिकायत BSES के 24 घंटे चालू हेल्पलाइन नंबरों पर की जा सकती है। दक्षिण और पश्चिम दिल्ली के उपभोक्ता 19123 पर, जबकि पूर्वी और मध्य दिल्ली के उपभोक्ता 19122 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा BSES की आधिकारिक वेबसाइट www.bsesdelhi.com या संबंधित डिवीजन कार्यालय में भी शिकायत की जा सकती है।
