राजधानी में अपराध के चार मामले दर्ज, चोरी से लेकर मारपीट तक पुलिस ने शुरू की जांच

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, गबन, तोड़फोड़ और मारपीट के चार मामले सामने आए हैं। शिकायतों के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंज थाना क्षेत्र में केंद्रीय जेल रायपुर के मुख्य गेट के पास खड़ी स्कूटर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ओम खेमानी के अनुसार उनकी सीजी 04 एलआर 3704 नंबर की स्कूटर, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में साई विहार, भाठागांव निवासी दिव्यांश सिंह ने घर में काम करने वाले व्यक्ति पर 5 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक बैंक में जमा कराने के लिए दी गई राशि आरोपी ने बैंक में जमा नहीं की और रकम का उपयोग कर लिया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(3) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं सिविल लाइन थाना क्षेत्र के झंडा चौक पंडरी स्थित पार्षद कार्यालय में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज की और कार्यालय के कांच को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 296 और 324(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बोरखा कॉलोनी, न्यू शांति नगर में तेज आवाज में साउंड बॉक्स बजाने को लेकर विवाद हुआ। शिकायतकर्ता राजेंद्र प्रसाद यादव ने आरोप लगाया कि आवाज कम करने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पत्थर से हमला कर चोट पहुंचाई। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 296, 115(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।