अमित शाह का घुसपैठ पर सख्त रुख, बोले- देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश दिया है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की नेशनल सिक्योरिटी स्ट्रैटेजीज (NSS) कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सामाजिक व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों और राज्यों से घुसपैठ के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का आह्वान किया। अमित शाह ने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए बेहतर रणनीति और समन्वय पर जोर दिया।

गृह मंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों से भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नई तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध के तरीके भी बदल रहे हैं, इसलिए सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी जानकारी दी और कहा कि इनसे न्याय प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिलेगी। गृह मंत्री ने राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।

NSS कॉन्फ्रेंस में देश की सुरक्षा से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।