मोबाइल चोरी कर UPI से 2.84 लाख उड़ाए, चकरभाठा पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा

Follow Us

बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस ने मोबाइल चोरी के बाद उससे जुड़े बैंक खातों से यूपीआई के जरिए रकम निकालने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से चार मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नकद समेत करीब 75 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक सूरज सतनामी ने 25 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 सितंबर की रात तेज बारिश के दौरान वह अपने दोस्त के साथ इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था। इसी दौरान वह बेहोश हो गया और होश आने पर अस्पताल में भर्ती मिला। उसका मोबाइल गायब था। बाद में नया सिम लगाने पर मिले यूपीआई ट्रांजेक्शन संदेशों से पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपये निकाले गए हैं।

शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और बैंक लेनदेन से जुड़ी जानकारी के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी करने और स्क्रीन लॉक खोलने के बाद फोन में मौजूद आधार कार्ड की फोटो से जरूरी जानकारी हासिल करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, इसी जानकारी के जरिए फोन-पे और पेटीएम जैसे यूपीआई माध्यमों को रीसेट किया गया और बैंक खातों से रकम निकाली गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने निकाली गई रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग आईडी, खान-पान और कार से घूमने में किया। पुलिस ने विवेक वर्मा (20), करन नायक (18), गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18) और गगन उर्फ शिबू साहू (25) को गिरफ्तार किया है। अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में हुई। पुलिस ने लोगों से अपराध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर डायल-112 या नजदीकी थाने में सूचना देने की अपील की है।