बिरयानी और तरबूज से फूड पॉइजनिंग, मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

Follow Us

मुंबई। मुंबई के पायधोनी इलाके में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार सदस्य पति, पत्नी और उनकी दो बेटियां मौत के घाट उतरे। घटना 25 अप्रैल की रात हुई, जब परिवार के नौ सदस्यों ने रात करीब 10:30 बजे खाना खाया। देर रात 1 बजे के आसपास मृतक चारों ने तरबूज खाया। 26 अप्रैल की सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की मौत हुई, उसके बाद पिता अब्दुल्ला दोकाडिया, पत्नी नसरिन और बड़ी बेटी आयशा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया है। मौत की असली वजह हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक बयान में परिवार के एक सदस्य ने बताया कि पहले बिरयानी और बाद में तरबूज खाया गया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दूषित भोजन या पानी से फूड पॉइजनिंग हो सकती है, जिससे उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं होती हैं। प्रशासन ने लोगों से भोजन की स्वच्छता पर सतर्क रहने की अपील की है।