खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: अस्पताल कैंटीन से दुकानों तक मचा हड़कंप, एक्सपायरी सामान जब्त

Follow Us

खैरागढ़। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की औचक जांच से अस्पताल कैंटीन संचालकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत विभागीय टीम ने कई जगहों पर छापेमार कार्रवाई कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई, जबकि कई संचालकों को सख्त चेतावनी भी दी गई।

अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा दल ने सिविल अस्पताल खैरागढ़ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान की कैंटीनों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन की साफ-सफाई, खाद्य भंडारण और गुणवत्ता व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं। टीम ने संबंधित संचालकों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। इसी दौरान छुईखदान स्थित एक बेकरी से मावा केक का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान के दौरान बाजार में बिक रहे एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक, नमकीन और पैकेज्ड खाद्य सामग्री भी पकड़ी गई। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही इन उत्पादों को नष्ट कराया। खाद्य सुरक्षा टीम ने किराना दुकानों में भी जांच कर दुकानदारों को लाइसेंस अपडेट रखने, स्वच्छता बनाए रखने और एक्सपायरी सामान हटाने के निर्देश दिए। विभाग ने साफ किया है कि जिलेभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।