मुंबई। टीवी का सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ एक बार फिर दर्शकों के मनोरंजन के लिए तैयार है। शो के मेकर्स ने मंगलवार को ‘बिग बॉस 20’ का पहला टीजर जारी कर दिया। टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। इस सीजन में भी बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान होस्ट की भूमिका में नजर आएंगे। करीब एक मिनट के इस टीजर में सलमान खान का शानदार और रॉयल अंदाज देखने को मिलता है। वीडियो की शुरुआत सलमान की घोड़े के साथ एंट्री से होती है। इसके बाद उनका रहस्यमयी डायलॉग दर्शकों का ध्यान खींचता है, जो उनकी फिल्म ‘करण अर्जुन’ की याद दिलाता है। सलमान का यह नया अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
टीजर की सबसे खास बात इसमें छिपा हुआ रहस्य है। मेकर्स ने इस बार सीजन की थीम को लेकर कोई सीधा खुलासा नहीं किया है, लेकिन एक खास क्लू जरूर दिया है। प्रोमो देखने के बाद कई फैंस का मानना है कि इस बार शो की थीम ट्विन्स यानी जुड़वां या सिबलिंग्स यानी भाई-बहन के कॉन्सेप्ट पर आधारित हो सकती है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
टीजर में सलमान खान कहते हैं कि ‘बिग बॉस’ का हर सीजन नए खेल और नए ट्विस्ट लेकर आता है, लेकिन इस बार का सीजन पहले देखे गए सभी सीजन से अलग होगा। उन्होंने दर्शकों को संकेत दिया कि पहला क्लू पहले ही सामने आ चुका है और इसे समझने के लिए टीजर को ध्यान से देखना होगा। वहीं, शो में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट्स के नामों को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। सोशल मीडिया पर कई सेलिब्रिटीज के नाम चर्चा में हैं, लेकिन मेकर्स ने अभी तक किसी भी प्रतियोगी के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। ‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होने की उम्मीद है। शो का प्रसारण कलर्स टीवी पर किया जाएगा, जबकि इसे जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जा सकेगा।
