राजनांदगांव। शहर के वीआईपी रोड स्थित अशदीप इलेक्ट्रॉनिक्स में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना कौरीन भाटा, बसंतपुर थाना क्षेत्र की है, जहां दुकान की छत पर लगे सोलर पैनल सिस्टम की बैटरी में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने से छत पर लगा सोलर सिस्टम पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जबकि गोदाम में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे बहुमंजिला इमारत की छत से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने सोलर सिस्टम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया।
मुख्य मार्ग पर धुआं फैलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय दुकान खुली हुई थी। कर्मचारियों ने छत से धुआं उठते ही तुरंत ऊपर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और तत्काल पुलिस व नगर निगम अग्निशमन विभाग को सूचना दी। साथ ही दुकान संचालक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। कर्मचारियों की तत्परता से आग को मुख्य शोरूम और निचली मंजिलों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे लाखों रुपये मूल्य के सामान को सुरक्षित बचा लिया गया।
