रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा पर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी, युवक के खिलाफ FIR दर्ज

Follow Us

भाजपा पार्षद की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज, बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू

रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर कथित अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भाजपा पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने शिकायत में बताया कि 10 जुलाई को विधायक पुरंदर मिश्रा से संबंधित एक फेसबुक पोस्ट पर ललित टांडी ललित’ नाम के फेसबुक अकाउंट से कथित रूप से अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस टिप्पणी के जरिए विधायक की प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और धारा 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।